आग में घिरे बुजुर्ग की व्यापारी ने बचाई जान, हालत गंभीर
चीख सुनकर पहले आग बुझाई, फिर भिजवाया अस्पताल
शहर के मोहल्ला खैरुल्लाशाह में हुआ हादसा, मचा हड़कंप
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। परिवार वालों की गैर मौजूदगी में शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे बिस्तर में लगी आग के बीच फंसे मोहल्ला खैरुल्लाशाह निवासी बुजुर्ग अहमद मियां की एक युवा व्यापारी ने जान बचाई। चीख सुनकर वैसे तो काफी लोग मौके पर पहुंच गए थे, लेकिन व्यापारी आशीष ने न सिर्फ पानी डालकर आग बुझाई, बल्कि तत्काल 108 एंबुलेंस को कॉल कर झुलसे बुजुर्ग को जिला अस्पताल भर्ती कराया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खैरुल्लाशाह निवासी 60 वर्षीय अहमद मियां रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करते हैं। पिछले कई दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही है। इसके चलते घर पर ही चारपाई पर लेटे रहते हैं। शुक्रवार सुबह करीब दस बजे बेटा इमरान काम पर निकल गया। इसके कुछ देर बाद पत्नी आफरोज जहां घरेलू सामान की खरीदारी करने को बाजार चली गईं। घर पर अहमद मियां आंगन में पड़ी चारपाई पर सो रहे थे। दोपहर करीब एक बजे अज्ञात कारणों के चलते बिस्तर में आग लगने से अहमद मियां झुलस गए। चीख पुकार सुनकर मकान के ठीक सामने की दुकान पर मौजूद कपड़ा व्यापारी आशीष लोधी व आसपास के कुछ लोग पहुंच गए। आशीष ने पास में रखी बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाई। 108 एंबुलेंस को कॉल की। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौकेपर पहुंच गई, जिससे बुजुर्ग को इलाज के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। यहां उसकी हालत गंभीर है। हादसे की जानकारी मिलने पर पहुंचे परिवार वालों ने बीड़ी से आग लगने की आशंका जताई है।