प्राइवेट फर्म की तरह काम कर रही बसपा
कांग्रेस में शमिल हुए बसपा के पूर्व विधायक व जिलाध्यक्ष का स्वागत
04 पीबीटीपी 07
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। बसपा से विधायक रहे अरशद व पूर्व जिलाध्यक्ष हरीराम गौतम के कांग्रेस में शामिल होने पर कांग्रेसियों ने यहां एक समारोह आयोजित कर उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व विधायक ने कहा कि कांशीराम के निधन के बाद से बसपा प्राइवेट फर्म बन चुकी है।
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी के कांग्रेस में शामिल होने के ही साथ ही जिले से पूर्व विधायक अरशद खां, पूर्व जिलाध्यक्ष हरीराम गौतम सहित कई लोगों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली थी। बृहस्पतिवार को टनकपुर रोड स्थित पीलीभीत बारात घर में कांग्रेस ने स्वागत समारोह आयोजित कर सभी का अभिनंदन किया। जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा सहित तमाम पदाधिकारियों ने पूर्व विधायक अरशद खां, पूर्व बसपा जिलाध्यक्ष हरीराम गौतम, बसपा के पूर्व प्रदेश कार्यालय प्रभारी सैयद महबूब अली, अकरम अंसारी सहित तमाम लोगों का फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया। पूर्व विधायक ने कहा कि प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी पूरी तरह खत्म होने के कगार पर पहुंच गई है। संचालन शहर अध्यक्ष वीरेंद्र रस्तोगी ने किया। इस मौके पर प्रदेश सचिव कुमुद गंगवार, डॉ. मेंहदी हसन, सुरेंद्र गुप्ता, अखलाक अंसारी, असलम अंसारी, शकील नूरी, अब्दुल फ्यूम, रविंद्रनाथ, भगवत सरन, लखवीर सिंह लक्खा आदि थे।