जिले के 40 परिषदीय स्कूलों में होगी अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई
शासन ने 15 मार्च तक स्कूलों व शिक्षकों का चयन करने के दिए आदेश
बीएसए ने सभी बीईओ का स्कूल चिह्नित करने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। जिले के प्रत्येक ब्लॉक व नगर क्षेत्र के पांच-पांच प्राथमिक विद्यालयों को इंग्लिश मीडियम स्कूल के रूप में संचालित किया जाएगा। इन स्कूलों का संचालन आगामी शैक्षिक सत्र में शुरू कर दिया जाएगा। शासन ने विद्यालयों के चयन के साथ शिक्षकों का चयन व उनके प्रशिक्षण दिलाने का कार्य 15 मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
बेसिक शिक्षा परिषद ने आगामी शैक्षिक सत्र 2018-19 में परिषदीय विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई कराने का निर्णय लिया है। जिले में 1230 प्राथमिक व 570 उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। इस नई योजना के तहत जिले के सभी सात ब्लॉक समेत नगर क्षेत्र में पांच-पांच प्राथमिक विद्यालयों का चयन किया जाएगा। इसको लेकर सचिव बेसिक शिक्षा ने बीएसए को आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश में कहा गया कि इन विद्यालयों के चयन में छात्र संख्या, शैक्षिक गुणवत्ता, पेयजल, शौचालय समेत अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता का ध्यान रखा जाएगा। इन इंग्लिश मीडियम स्कूलों का संचालन करने को परिषदीय स्कूलों में कार्यरत शिक्षक शिक्षिकाओं का चयन किया जाएगा। शासनादेश में बीएसए को विद्यालयों के चयन के साथ शिक्षक शिक्षिकाओं का चयन व उनके प्रशिक्षण का कार्य 15 मार्च तक पूरा करने के आदेश दिए गए हैं। ताकि आगामी सत्र के शुरूआत से ही इन इंग्लिश मीडियम स्कूलों का संचालन किया जा सके।
00
इन मानकों पर होगा स्कूलों का चयन
- छात्र संख्या
- 60 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य
- शैक्षिक गुणवत्ता
- आरटीई मानक के अनुरूप शिक्षकों की उपलब्धता
- खेल मैदान, पानी की उपलब्धता, शौचालय आदि
- टीचिंग लर्निंग मैटेरियल की उपलब्धता
00
वर्जन:
जिले के सभी में ब्लॉकों में अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों के संचालन संबंधी शासनादेश प्राप्त हो चुका है। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने ब्लॉक में मानक के अनुरूप स्कूलों को चिह्नित कर उनकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. इंद्रजीत प्रजापति, बीएसए।