केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने बरखेड़ा में की जनसभाएं
नववर्ष कराएंगी 51 सामूहिक शादियां
पीलीभीत/ बरखेड़ा। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने ब्लॉक क्षेत्र के कई गांव में जनसभाएं की। उन्होंने कहा कि जिले के विकास के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। बैंक लोन देने में आनाकानी करेंगे तो अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिले में भ्रमण कर जनता की समस्याओं का निराकरण करा रही हैं।
उन्होंने बृहस्पतिवार को बरखेड़ा क्षेत्र के गांव ग्राम काजरबोझी, भैसहा ग्वालपुर, अमखेड़ा, मधपुरी, आमडार, अर्सियावोझ, कबूलपुर, दौलतपुर, मुड़िया कुंडरी, जगीपुर, मुड़िया हुलास, कटकवारा, पुरैना व खिरकिया में जनसभाएं की। उन्होंने कहा छोटे कारोबारियों को कारोबार बढ़ाने के लिए सरकार मुद्रा लोन योजना लेकर आई है। इसमें यदि बैंक लोन देने में आनाकानी करे तो संबंधित बैंक अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षण दिलाए जा रहे हैं। नए वर्ष में आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की 51 कन्याओं की शादी की तैयारी चल रही है। इसके लिए रजिस्ट्रेशन कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा जनता के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कैंप का आयोजन कराने का निर्णय लिया गया है। इसमें बिलसंडा में 12, बीसलपुर में 13, बरखेड़ा में 14 और पीलीभीत में 16 दिसंबर को कैंप लगाए जाएंगे। जनसभाओं के दौरान पीआरओ कमलकांत, धर्मपाल वर्मा, हरद्वारीलाल गंगवार, परमेश्वरी दयाल, सुमित मिश्रा, नवनीत पांडेय, देवदत्त, वेद प्रकाश दीक्षित, सूरज कश्यप, छेदालाल आदि रहे।