पीलीभीत। अमरिया क्षेत्र में घूम रहे बाघों के पगचिह्न आसपास गांव में मिल रहे हैं। बुधवार को भी तीन गांव में पगचिह्न ट्रेस किए गए। वन विभाग की निगरानी टीम क्षेत्र का भ्रमण करने केे ग्रामीणों को जागरूक भी कर रही है।
सामाजिक वानिकी की निगरानी टीम ने बुधवार को अमरिया क्षेत्र के कई गांव का भ्रमण कर बाघ की जानकारी ली। इस दौरान गांव पौटा, धुंधरी एवं गायबोझ में नदी के घाट पर रेत में बाघ के पगचिह्न पाए गए। टीम ने पगचिह्न ट्रेस करने के साथ ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले खेतों पर न जाने की अपील की। इसके अलावा अंडारायन, सुस्वार ऐमी में वनक्षेत्राधिकारी सतेंद्र चौधरी की मौजूदगी में गोष्ठी कर किसानों को बाघ एवं वन्यजीवों के खतरों से आगाह कर जागरूक रहने, सुबह शाम खेतों पर न आने की अपील की पत्रक भी वितरित किए गए। डीएफओ आदर्श कुमार ने बताया कि बाघ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। ग्रामीणों को भी अलर्ट रहने की अपील की जा रही है।