बीसलपुर (पीलीभीत)। केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने कहा कि उन्होंने पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र में मुद्रा योजना के तहत छोटे दुकानदारों को 90 करोड़ रुपये की धनराशि दिलवाई है। इसके अलावा योजनाओं का लाभ भी जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। कहा कि किसी भी कर्मचारी या अफसर को रिश्वत न दें। अगर कोई रिश्वत मांगता है तो शिकायत करें, तत्काल कार्रवाई होगी।
केंद्रीय मंत्री ने सोमवार को लुहिचा, रायपुर, भदारा, खनंका, हरूनगला, शिवपुरी नवदिया, बैरा, बौनी, खरगापुर, गुलैंदा और चठिया सेवाराम आदि गांवों में जनसभाएं की। इन सभाओं में उन्होंने जनता को केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। मेनका गांधी ने कहा कि लोकसभा क्षेत्र में चार हजार गांव होने के कारण वह हर गांव में जल्दी-जल्दी नहीं जा पाती हैं लेकिन कोई भी गांव उनके दिल से दूर नहीं है। जिस प्रकार मां अपने बेटे का हित चाहती है, वह उसी प्रकार लोकसभा क्षेत्र की हर तकलीफ को दूर कर करती रहेंगी। उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि अब तक वह 38 हजार स्वच्छ शौचालय बनवा चुकी हेैं। चालू सत्र में 1.40 लाख शौचालय और बनाए जाएंगे। कोई घर शौचालय से वंचित नहीं रहेगा। अधिकांश गांवों का विद्युतीकरण कराया जा चुका है। सिर्फ 200 गांव में काम होना बाकी है। इनको भी बहुत जल्द करवा दिया जाएगा। उन्होंने मुद्रा योजना, उज्जवला योजना, जनधन बीमा योजना, फसल बीमा योजना और कौशल विकास योजना पर विस्तार से ग्रामीणों को जानकारी दी। मेनका ने कहा कि वह चालू सत्र में पांच हजार विकलांगों को उपकरण दिलवाएंगी। तीन माह बाद सामूहिक विवाह समारोह आयोजित कर गरीब कन्याओं की शादी कराई जाएगी। इसको लेकर पंजीकरण शुरू हो चुका है। इच्छुक लोग उनके कार्यालय में अपना नाम पता दर्ज करा दें। इस मौके पर एसडीएम जेपी चौहान, सीओ प्रवीन मलिक, सांसद सचिव कृष्ण कांत, राजेश, नरेश शर्मा, अचल दीक्षित, डॉ कृष्ण लाल आर्य, रामविलास शर्मा, डॉ रत्नेश गंगवार, नरेंद्र प्रताप, हेतराम, धर्मेंद्र सिंह, अमर, अशोक मौर्य, मधुकर शर्मा, अवनीश त्रिगुणायत, मिश्रीलाल आदि मौजूद थे।