पीलीभीत। परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के समायोजन/स्थानांतरण प्रक्रिया अब ऑनलाइन के बजाए ऑफलाइन की जाएगी। सचिव बेसिक शिक्षा ने बीएसए को आदेश जारी करते हुए 18 जुलाई तक प्रक्रिया पूरी करने के आदेश जारी किए हैं।
शासन ने परिषदीय विद्यालयों केे शिक्षकों के समायोजन/स्थानांतरण में पारदर्शिता लाने को प्रक्रिया को ऑनलाइन कराने का निर्णय लिया था। इसको लेकर शासन द्वारा 13 जून को आदेश भी जारी कर दिए गए। इसको लेकर सैलरी डेटा में जोन चिह्नांकन, सरप्लस शिक्षकों का चिह्नांकन करते हुए एनआईसी की वेबसाइट पर अपलोड करने के आदेश जारी किए गए थे। इधर सरप्लस शिक्षकों का चिह्नांकन पूरा कर सूची एनआईसी पर अपलोड कर दी गई, लेकिन सैलरी डेटा आदि को अपलोड नहीं किया गया। बताते हैं कि इसकी सूचना भी शासन को नहीं भेजी गई। कमोवेश यही स्थिति जिले के अलावा अन्य जिलों में भी रही। इसके चलते समायोजन की ऑनलाइन प्रक्रिया बाधित हो गई। इधर सचिव बेसिक शिक्षा संजय सिन्हा ने समायोजन की कार्रवाई ऑनलाइन के बजाए ऑफलाइन ही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरी करने के आदेश बीएसए को जारी किए हैं। कहा गया कि समायोजन में यह जरूर सुनिश्चित किया जाए कि कोई विद्यालय एकल या बंद न रहे। जारी आदेश में समायोजन प्रक्रिया 18 जुलाई तक हर हाल में पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
00
डीएम की देखरेख में होंगे समायोजन
समायोजन प्रक्रिया डीएम की अध्यक्षता में गठित चार सदस्यीय कमेटी की देखरेख में होगी। इसमें डीएम, बीएसए, डायट प्राचार्य व एक नामित खंड शिक्षा अधिकारी शामिल रहेंगे।
00
तीन की जगह देना होगा मात्र एक विकल्प
बीएसए डॉ. इंद्रजीत प्रजापति ने बताया कि समायोजन प्रक्रिया में पहले दिव्यांग, महिलाएं व उसके बाद पुरुष शिक्षकों को वरीयता दी जाएगी। वहीं अभी तक दिए जा रहे तीन विकल्पों में मात्र एक विकल्प भरने का मौका दिया जाएगा।
00
वर्जन:
शासनादेश के मुताबिक ही समायोजन प्रक्रिया कराई जाएगी। समायोजन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित कमेटी की देखरेख में होंगे। इसको लेकर जल्द ही सूची प्रकाशित की जाएगी।
- डॉ. इंद्रजीत प्रजापति, बीएसए