मझोला (पीलीभीत)। सोमवार को आई आंधी जानलेवा साबित हुई। आंधी के दौरान टिनशेड भरभरा कर गिर गया। जिसके मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मजदूर के शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया है।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के मझारा फार्म निवासी गुरनाल सिंह के खेत पर सोमवार को धान की रोपाई करने के लिए ठेके पर मजदूर काम कर रहे थे। दोपहर बाद अचानक आई आंधी के दौरान सभी खेत के किनारे बने टिनशेड में जाकर बैठ गए। इस बीच टिनशेड अचानक भरभरा कर गिर गया। इसके मलबे में दबकर मजदूर टोंडरपुर गांव निवासी 60 वर्षीय ढाकन लाल की मौत हो गई। जबकि 65 वर्षीय रामभरोसे, 63 साल के रामकुंवर, 45 वर्ष की लीलावती घायल हो गए।
उधर, पड़ोस के दलजीत सिंह के फार्म हाउस पर भी टिनशेड गिरने से मलबे में दबकर वहां काम कर रहे मजदूर 65 वर्षीय रामप्रसाद, 55 साल की सूरजमुखी घायल हो गए। आनन-फानन में घायलों को गंभीर हालत में निजी अस्पताल भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर यूपी 100 और मझोला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ढाकन लाल का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। उनकी मौत का पता लगने पर परिवार में कोहराम मच गया है।