नोएडा में सात फेरों के समय दिए वचनों का नाता सात महीनों में ही टूटा गया। सेक्टर-82 के केन्द्रीय विहार में एक नवविवाहिता ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली।
पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है। पूछताछ के लिए फिलहाल पति को हिरासत में लिया है, जो एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है।
मूल रूप से इंदौर मध्यप्रदेश निवासी जितेश मोहनिया की शादी 7 मई को रिचा नाम की युवती से हुई। जितेश नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। दोनों सेक्टर-82 के केन्द्रीय विहार में रह रहे थे।
घटना का पता बृहस्पतिवार की शाम को चला, जब घर पर काम करने वाली मेड आई। मेड को दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने पड़ोसियों और गार्ड को सूचना दी।
किसी तरह दरवाजा खोल कर देखा तो बेडरूम में रिचा का शव पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना फोन के जरिये उसके पति और फेज टू पुलिस को दी गई।
सूचना पाकर घर पहुंचे जितेश के सामने ही पुलिस ने शव को पंखे से उतारा और घटना की जानकारी रिचा के परिजनों को दी।
फेज टू पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो उसे एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने आत्महत्या के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराते हुए लिखा है कि वह अपने आप को एडजस्ट नहीं कर पा रही है।
उसने अपने मम्मी-पापा और भाई को हमेशा याद रखने की बात कही है। सूचना पाकर शुक्रवार दोपहर इंदौर उसे उसके चाचा और भाई पहुंचे।