नोएडा के थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में कबाड़ कारोबारी से लूटपाट कर उसकी हत्या के आरोप में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दो आरोपी अभी भी फरार हैं।
एसएसपी ने पुुलिस टीम को पांच हजार का नकद इनाम देने की घोषणा की है।
सरकल ऑफिसर फर्स्ट शिवराम यादव ने बताया कि कबाड़ कारोबारी शान मोहम्मद कोई भी लेनदेन सबके सामने करता था।
चारों बदमाश अगाहपुर सेक्टर-41 स्थित चाऊमीन की दुकान से कारोबारी पर नजर रख रहे थे। छह अक्तूबर को प्रमोद ने शान मोहम्मद को फोन किया और लेनदेन के लिए वहीं पास में बुलाया।
रात करीब 8.30 बजे शान मोहम्मद जैसे ही सलारपुर यू टर्न पर पहुंचे वहां दो बाइक पर घात लगाए चार बदमाशों ने उनसे 1.10 लाख रुपये, मोबाइल, घड़ी और एक अंगूठी लूट ली।
विरोध करने पर गोली मार दी और फरार हो गए। सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
इनकी पहचान बदायूं निवासी प्रमोद कुमार व बुलंदशहर निवासी सोनू के रूप में हुई है। दो अन्य आरोपी को पुलिस तलाश रही है।
इन बदमाशों पर 22 अगस्त को सेक्टर 41 में महिला से चेन लूटने, नौ सितंबर को कंजनजंगा अपार्टमेंट से एक महिला से अंगूठी और कड़ा लूटने और 26 सितंबर को सेक्टर 52 में महिला से चेन लूटने का मामला संबंधित थानों में दर्ज है।
इनके पास से पुलिस ने लूटे गए 60 हजार रुपये, दो तमंचे, मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक,मोबाइल और दो सोने की चेन बरामद की है।