नोएडा के कूड़े का निस्तारण जापानी मशीन से कराया जा सकता है। बुधवार को नोएडा प्राधिकरण के चेयरमैन के समक्ष इस मशीन पर प्रस्तुतीकरण दिया गया।
जानकारी के मुताबिक यह मशीन एक टन कूड़े को निस्तारित करके 20 किलोग्राम सेरेमिक पाउडर बना देगी। इस पाउडर को प्राधिकरण टाइल्स बनाने के काम में इस्तेमाल कर सकता है या फिर बेच सकता है।
मशीन की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह रोजाना दो मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण कर सकती है। मैग्नेटिक तकनीक पर आधारित यह मशीन कूड़े को जला देती है।
इस मशीन को एक छोटी सी जगह पर लगाया जा सकता है, जबकि प्रस्तावित लैंडफिल साइट को बनाने में 20 एकड़ एरिया लग रहा है।
हालांकि यह मशीन अभी अपने देश में एक-दो छोटे शहरों में ही इस्तेमाल की जा रही है। बुधवार को नोएडा प्राधिकरण के चेयरमैन रमा रमण की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में इस मशीन का प्रस्तुतीकरण हुआ।
चेयरमैन ने इस मशीन को यहां लाकर कूड़े का निस्तारण करके दिखाने को कहा है। उसके बाद ही इस पर निर्णय लिया जाएगा। समीक्षा बैठक में शहर की विभिन्न परियोजनाओं की ताजा स्थिति पर भी चर्चा हुई।
आपसी तालमेल बनाने को हर शुक्रवार बैठक
प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के बीच तालमेल की कमी के चलते विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए अब हर शुक्रवार को बैठक होगी।
एसीईओ पीके अग्रवाल की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में विभागाध्यक्ष शामिल होंगे और जिस भी स्तर पर काम अटक रहा है, उसे दूर करेंगे। अमूमन देखा जाता है कि हॉर्टिकल्चर का काम सिविल की वजह से रुका है। इसी तरह सिविल का काम बिजली के चलते अटक जाता है।