नोएडा के सदरपुर के चेतराम शर्मा कन्या इंटर कॉलेज में टीचर की पिटाई से छात्रा की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है।
परिजनों ने इस बाबत स्कूल की प्रिंसिपल व एक टीचर के खिलाफ सेक्टर-39 थाने में मामला दर्ज कराया है। पीड़ित छात्रा नौवीं कक्षा में पढ़ती है।
पीड़िता बबली (बदला हुआ नाम) ने बताया कि बीते शुक्रवार को साइंस टीचर गजेंद्र ने क्लास की सभी छात्राओं की पिटाई की थी। होमवर्क के रूप में प्रश्न याद न करने की वजह से उसे भी मार पड़ी।
हालांकि उसने अपने परिजनों से उस दिन पिटाई की बात नहीं बताई। लेकिन बाद में चोट उभरने के बाद उसने परिजनों को सारी बात बताई।
परिजनों ने मामले का पता चलने के बाद उसे नजदीक के प्रयाग अस्पताल में डॉक्टर को दिखाया, जहां उसका दो-तीन दिन इलाज हुआ।
आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की वजह से उसके परिजन उसका इलाज ढ़ंग के अस्पताल में नहीं करा पाए। इस बाबत परिजन स्कूल प्रशासन से भी मिले।
स्कूल प्रशासन ने उसे इलाज कराने का आश्वासन भी दिया। लेकिन परिजनों का कहना है कि फिलहाल स्कूल ने उसे किसी तरह का सहयोग नहीं किया है।
पीड़िता के पिता अजय कुमार ने बताया कि स्कूल प्रशासन से मिलने पर इलाज का आश्वासन तो दिया। लेकिन किसी तरह की सहायता अभी नहीं मिली।
बीते तीन-चार दिन में ही इलाज पर हजारों रुपये खर्च हो गए, लेकिन बच्ची की हालत अभी भी जस की तस है। वह न तो चल पा रही है न ही बैठ पा रही है। उसकी हालत ठीक नहीं है।