नोएडा में पुराने किसानों को भी पांच फीसदी आवासीय भूखंड मिलने की आस जगी है। यह मुद्दा प्राधिकरण की अगली बोर्ड बैठक में शामिल किया जाएगा।
मंगलवार को किसानों व सपाइयों के साथ बैठक में चेयरमैन रमा रमण ने यह आश्वासन दिया।
दरअसल, जमीन अधिग्रहित करने के एवज में 1976 से 1997 के किसानों को पांच फीसदी आवासीय भूखंड नहीं मिला है।
सपा के महानगर अध्यक्ष सूबे यादव के नेतृत्व में सपाइयों व किसानों ने चेयरमैन से मुलाकात कर यह मुद्दा उठाया। चेयरमैन ने इस मसले पर अगली बोर्ड बैठक में निर्णय लिए जाने की बात कही है।
मंगलवार को हुई बैठक में गांव की आबादी की बैकलीज का मुद्दा भी उठा। इस पर भी बोर्ड बैठक में चर्चा होगी। करीब 910 भूखंडों की योजना को फिर से लांच करने की मांग उठाई गई।
दूसरा मुद्दा झुग्गी पुनर्वास योजना को लेकर उठाया गया। सेक्टर 122 में करीब साढ़े तीन हजार फ्लैट तैयार हैं। इनके जल्द आवंटन और ब्याज से मुक्त रखने की मांग की गई।
इस पर सीईओ ने योजना शीघ्र लाने का आश्वासन दिया है। इसके आवेदन पत्र भी शीघ्र ही बैंकों को उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। पुनर्स्थापन सेक्टर आठ की झुग्गियों से शुरू होगा।
चेयरमैन ने एक ब्लॉक के सभी झुग्गीवासियों के बीच आपसी सहमति बनाकर प्रस्ताव देने को कहा है। चेयरमैन ने इसी शर्त पर ब्याज से मुक्ति देने की बात दोहराई।
तीसरा मुद्दा, खोखा पटरी वालों के लिए बने प्लेटफार्म को लेकर उठा। सेक्टर 31ए 62ए व 110 स्थित इन प्लेटफॉर्मों के आवंटियों ने सीईओ के समक्ष अपनी दिक्कतें रखीं।
प्लेटफार्म की ऊंचाई ज्यादा होने, किराया ज्यादा होने, और एक ही व्यवसाय के लिए कई आवंटन कर देने से लाभ न मिलने का मुद्दा उठाया।
चेयरमैन ने इन सभी दिक्कतों को दूर करने के लिए अधिकारियों को मौके पर मुआयना कर रिपोर्ट देने को कहा है। इस मौके पर प्राधिकरण की तरफ से एसीईओ पीके अग्रवाल, डीसीईओ अखिलेश सिंह, विजय यादव और राजेश प्रकाश शामिल रहे।
बैठक में सपा के सुनील चौधरी, वीर सिंह यादव, ओमपाल राणा, राघवेंद्र दुबे, मनोज चौहान, भीष्म यादव, शिवराम यादव, लक्ष्मीकांत मिश्र, श्याम सिंह, बबली चौहान, विनोद चौहान, नीरज शर्मा, जयकरन, प्रताप चौहान, मेनपाल यादव, उदय सिंह, मुन्ना आलम आदि मौजूद रहे।