नोएडा में जहां पहले सीट मिल जाए, वहीं अपने बच्चे का एडमिशन करा लें। दूसरी लिस्ट के इंतजार में यह मौका न गवाएं।
नर्सरी में दाखिला दिलाने में जुटे अभिभावकों के लिए यह सलाह है शहर के स्कूलों के प्रिंसिपल्स की।
प्रिंसिपल्स का कहना है कि, कई बार दूसरी लिस्ट के चक्कर में अभिभावक उस स्कूल का मौका भी गवां देते हैं, जहां एडमिशन के लिए बच्चे का चयन हो गया है।
एमिटी इंटरनेशनल स्कूल की प्रिंसिपल रेनू सिंह ने कहा कि अभिभावक एक साथ कई स्कूलों के फार्म भरते हैं।
किसी न किसी स्कूल में उनके बच्चे का चयन हो जाता है लेकिन दूसरी लिस्ट के इंतजार में अभिभावक हाथ आया मौका भी गंवा देते हैं।
रायन इंटरनेशनल स्कूल की प्रिंसिपल अनुराधा शर्मा का कहना है कि, अभिभावक को अपने बच्चे के लिए जिस स्कूल में सीट मिल जाए, वहीं एडमिशन पक्का करा लेना चाहिए। अन्य स्कूल की दूसरी लिस्ट का इंतजार करना भारी पड़ सकता है।
बाल भारती की दूसरी लिस्ट जारी
बाल भारती स्कूल ने नर्सरी एडमिशन की दूसरी लिस्ट भी जारी कर दी है। दूसरी लिस्ट में वेटिंग लिस्ट से 50 बच्चों का चयन किया गया है।
यह स्कूल की फाइनल लिस्ट है। एक अक्तूबर को खेतान स्कूल दूसरी लिस्ट जारी करेगा।