नोएडा में विदेशी पक्षियों की अठखेलियां इस साल अधूरी रह सकती हैं। नवंबर के पहले सप्ताह में विदेशी पक्षी ओखला पक्षी विहार पहुंचने लगते हैं, लेकिन इस साल रिजर्व वायर में पानी नहीं होने से दिक्कत आ सकती है।
दूसरी तरफ सिंचाई विभाग ने सात नवंबर को रिजर्व वायर में पानी देने की बात कही है। इस बीच विदेशी मेहमान दूसरे स्थानों का रुख कर सकते हैं।
सिंचाई विभाग ओखला बैराज के गेट की मरम्मत का काम कर रहा है। मानसून के बाद होने वाली टूटफूट को ठीक किया जाता है।
इस दौरान गेट के आसपास का अधिकांश पानी आगे निकाल देते हैं, जिससे कार्यों को आसानी से पूरा किया जा सके। इसी कड़ी में ओखला पक्षी विहार के रिजर्व वायर का पानी भी छोड़ दिया गया है, जिससे यह सूखा गया है।
सिंचाई विभाग के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि सात नवंबर तक रिजर्व वायर में पानी दे दिया जाएगा। इसके बाद दूसरा काम होगा। जबकि विदेशी पक्षियों की आवाजाही अक्तूबर के आखिरी सप्ताह से नवंबर के पहले सप्ताह तक शुरू हो जाती है।
पक्षी प्रेमी राकेश खत्री का कहना है कि ओखला पक्षी विहार में आने वाले विदेशी मेहमान दूसरे स्थानों पर जा सकते हैं।
जिला वन अधिकारी अशोक कुमार का कहना है कि सिंचाई विभाग से लगातार संपर्क किया जा रहा है, जिससे रिजर्व वायर में थोड़ा पानी आ जाए।