नोएडा के डिग्री कॉलेज के नवनिर्वाचित छात्रसंघ ने सोमवार से अपना कामकाज शुरू कर दिया। कॉलेज प्रशासन के साथ पांचों पदाधिकारियों की बैठक हुई।
इसमें डॉ. सोहन सिंह को छात्रसंघ का प्रभारी नियुक्त करते हुए कामकाज के लिए जरूरी दिशानिर्देश जारी किए गए। छात्रसंघ के कार्यालय को भी चिह्नित किया गया।
बैठक के जरिये कॉलेज की बेहतरी के लिए प्रदेश सरकार से बजट जारी कराने और कॉलेज के विस्तार व नई योजनाओं को अंजाम देने पर विचार विमर्श हुआ।
दरअसल, 12 नवंबर को छात्रसंघ चुनाव के जरिये पदाधिकारियों की घोषणा की गई थी। पिछले पांच दिनों की छुट्टी के बाद सोमवार को पांचों नए पदाधिकारी अपने समर्थकों के साथ ढोल बाजे के बीच कॉलेज पहुंचे।
समाजवादी छात्र सभा और फ्रेंड्स ग्रुप ने अपने-अपने संगठन से चुने गए पदाधिकारियों का स्वागत किया। अध्यक्ष दीपक भाटी, उपाध्यक्ष लव शर्मा, महासचिव सचिन कुमार, संयुक्त सचिव अंकित कुमार और कोषाध्यक्ष डॉली वर्मा ने अपनी जीत के लिए समर्थक और छात्रों का धन्यवाद दिया और मिठाइयां बांटी।
कॉलेज प्रशासन के साथ हुई बैठक में नए पदाधिकारियों को कॉलेज के सभी शिक्षकों से परिचित कराया। इस मौके पर छात्रसंघ ने कहा कि उनकी कोशिश होगी की नोएडा अथॉरिटी के पास कॉलेज के विस्तार के लिए प्रस्ताव भिजवाया जाए।
एलएलबी, बीएड और एमएससी के नए कोर्सेज को खुलवाते हुए ऑटोनोमस कॉलेज बनवाने की दिशा में भी विचार विमर्श हुआ। बैठक के जरिये नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रमा रमन को भी कॉलेज में बुलवाने की योजना बनाई गई है।
छात्रसंघ प्रभारी डॉ. सिंह ने बताया कि आधिकारिक रूप से छात्रसंघ के कामकाज के लिए कार्यालय उपलब्ध कराते हुए लेटर हैड और स्टैंप जल्द ही जारी की जाएगी।