नोएडा के गौतमबुद्ध टेक्निकल यूनिवर्सिटी (जीबीटीयू) का 11वां दीक्षांत समारोह चार जनवरी 2014 को कराया जाएगा।
जल्द ही एमटीयू-जीबीटीयू विलय की अधिसूचना जारी होने वाली है, ऐसे में ये समारोह उत्तर प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी (यूपीटीयू) के नाम से आयोजित होगा।
कार्यक्रम के जरिये सत्र 2012-13 में पास आउट विभिन्न कोर्सेज के छात्रों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
इसके लिए प्रधानमंत्री के सलाहकार सैम पित्रोदा को आमंत्रण भेजा गया है। यूनिवर्सिटी ने कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इस दीक्षांत समारोह में प्रदेश के 300 से ज्यादा इंजीनियरिंग कॉलेजों समेत विभिन्न कोर्सों के लगभग 500 संस्थानों से पास आउट छात्रों को मैडल और डिग्री प्रदान की जाएंगी।
इसके लिए जीबीटीयू जल्द ही कोर्स और स्ट्रीम के मुताबिक टॉप-10 छात्रों की सूची जारी करेगी। डिग्रियों की प्रिंटिंग के लिए कॉलेजों से 2012-13 में पास छात्रों के हिंदी में नाम मांगे गए हैं, जिसके लिए 10 अक्तूबर तक का समय दिया गया है।
इस समारोह के जरिये इंजीनियरिंग के छात्रों को यूपीटीयू की ही डिग्री दी जाएगी।
कार्यक्रम की तैयारियों के बारे में जीबीटीयू के वीसी डॉ. आरके खांडल ने बताया कि शासन के आदेश पर जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे पूरा किया जाएगा।
यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह के लिए सैम पित्रोदा को पत्र लिखा गया है हालांकि अभी उनका जवाब नहीं आया है। विदेशी दौरों की व्यस्तता के कारण उनका कार्यक्रम तय नहीं हुआ है।
नवंबर के अंत तक समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।