नोएडा। सेकेंड हैंड कारों की दुकानों से टेस्ट ड्राइव के बहाने कार लेकर रफूचक्कर होने वाले एक बीबीए छात्र को थाना सेक्टर-58 पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। आरोपी नोएडा सेक्टर-62 के एक इंस्टीट्यूट से बीबीए कर रहा है।
पुलिस के मुताबिक, दस दिन पहले एनएच-24 पर एनआईबी कट के पास सेकेंड हैंड कार की सेल्स एंड परचेज की दुकान पर एक युवक पहुंचा और सफारी कार खरीदने की बात कहते हुए टेस्ट ड्राइव मांगी। दुकानदार मोहन नगर निवासी निश्चल शैली ने एक कर्मचारी को उसके साथ भेज दिया। टेस्ट ड्राइव के दौरान उसने कर्मचारी को मोबाइल कूपन रिचार्ज करने के लिए एक दुकान पर भेजा। कर्मचारी के उतरते ही युवक कार लेकर रफूचक्कर हो गया। घटना की रिपोर्ट दुकानदार ने इंदिरापुरम् थाने में दर्ज कराई। दुकानदार खुद भी नोएडा में कार की तलाश में साथियों के साथ जुटा रहा।
बृहस्पतिवार को सेक्टर-62 में उसे सफारी कार में वही युवक दो युवतियों के साथ घूमते दिखाई दिया। दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने सफारी में सवार युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान प्रताप विहार गाजियाबाद निवासी अंकित के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक स्विफ्ट कार भी बरामद की जो अंकित ने सेक्टर-12 के ओ ब्लाक में एक सेल्स एंड परचेज की दुकान से टेस्ट ड्राइव के नाम पर दो माह पहले उड़ाई थी। कार मालिक पर्थला खंजरपुर निवासी धर्मवीर ने इस संबंध में थाना सेक्टर-24 में मामला दर्ज करवा रखा है। वहीं, अंकित दादा-दादी के साथ रहता है। उसकी मां का देहांत हो चुका है और पिता ने दूसरी शादी कर रखी है।
पता लगाया जा रहा है कि गिरफ्तार छात्र इससे पहले कितनी और कारों को टेस्ट ड्राइव के नाम पर लेकर फरार हो चुका है। उसके साथ वारदात में कौन कौन शामिल हैं।
- विश्वजीत श्रीवास्तव, सर्किल अफसर टू
टेस्ट ड्राइव से आया था आइडिया
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने एक साल पहले सेल्स एंड परचेज की दुकान से सेकेंड हैंड कार टेस्ट ड्राइव करने के बाद ही खरीदी थी जिसे कुछ दिनों बाद बेच दिया। इससे उसे टेस्ट ड्राइव के बहाने कर लेकर रफूचक्कर होने का आइडिया आया। सफारी कार उड़ाने के बाद वह अपनी एक गर्लफ्रेंड को घुमाने के लिए नैनीताल ले गया और चार दिन बाद लौटा।