नोएडा। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर सेक्टर-12 स्थित मोबाइल फोन के शोरूम में दो सप्ताह पहले हुई चोरी का पटाक्षेप कर दिया। गिरफ्तार युवकों केपास से चोरी केनौ मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि चोरी किए गए मोबाइल फोन नेपाल में बेच दिए गए हैं।
एसपी सिटी योगेश सिंह ने बताया कि, 13 जुलाई को सेक्टर-12 में आई ब्लाक स्थित गुप्ता टेलीकॉम में चोराें ने शटर काट कर 109 मोबाइल फोन व अस्सी हजार रुपये चोरी कर लिए थे। थाना सेक्टर-24 पुलिस ने मुखबिरों व सर्विलांस की मदद से मोतिहारी, बिहार निवासी अफरोज व सोहन को गिरफ्तार कर उनकेपास से नौ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरोह का सरगना नेपाली है। जिसने योजना तैयार कर वारदात को अंजाम दिया और उसके बाद चोरी के मोबाइल लेकर नेपाल चला गया। पुलिस सरगना व दो अन्य की तलाश कर रही है।
उधर, थाना सेक्टर-20 पुलिस ने क्षेत्र में पर्स व चेन झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को सेक्टर-15 में गुलमोहर मार्केट से गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए बदमाश अब तक दो सौ से ज्यादा झपटमारी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं।