नोएडा। अर्जेंटीना अब भारत के साथ व्यापार संबंध बढ़ाने में जुटा है। इस संबंध में नोएडा के उद्यमी जल्द ही अर्जेंटीना में अपना जलवा दिखाएंगे। इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन (आईआईए) नोएडा शाखा की ओर से आयोजित ‘इंडो अर्जेंटीना बिजनेस मीट’ में दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में व्यापार बढ़ाने पर सहमति बनी है।
सेक्टर 18 स्थित एक होटल में आयोजित सम्मेलन में भाग लेने अर्जेंटीना के सान लुईस के गवर्नर क्लाउडियो पोगी की अगुवाई में 70 सदस्यीय दल शनिवार को नोएडा पहुंचा। आईआईए नोएडा शाखा की अध्यक्ष मंजूला मिश्रा ने बताया कि, विनिर्माण क्षेत्र, आधुनिक तकनीक पर आधारित दरवाजे और खिड़कियां बनाने वाली इकाइयों, फूड इंडस्ट्री, फार्मा और रोड निर्माण में जुड़ी कंपनियों के साथ अर्जेंटीना के दल ने मंत्रणा की। कार्यक्रम के दौरान दोनों देशों के बीच वस्तुओं एवं सेवाओं के साथ तकनीक के आदान प्रदान पर भी जोर दिया गया है।
सम्मेलन के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार को गति देने के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। भारतीय उद्योग जगत के प्रतिनिधि के रूप में आईआईए के अध्यक्ष जुगल किशोर और सान लुईस के गवर्नर क्लाउडियो पोगी ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। मौके पर आईआईए नोएडा से अश्वनी महेंद्रु, एनके खरबंदा, एसएस वालिया, डॉक्टर चंचल, एमएम लारी, आर सलोतरा सहित बड़ी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे।