नोएडा। दिल्ली के प्रगति मैदान में शुरू होने जा रहे अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले को लेकर डीएमआरसी ने भी कमर कस ली है। दिल्ली के अलावा नोएडा के दो मेट्रो स्टेशनों पर से ट्रेड फेयर के टिकट खरीदे जा सकेंगे। मेट्रो स्टेशनों पर 19 से 27 नवंबर तक यह सुविधा उपलब्ध रहेगी।
ट्रेड फेयर देखने जाने वाले दर्शकों को टिकट की लंबी लाइनों में न लगना पडे़, इसे ध्यान में रखकर मेट्रो स्टेशनों पर पिछले कई साल से टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस बार भी दर्शकों को यह सुविधा मिलेगी। डीएमआरसी प्रवक्ता ने बताया कि नोएडा के सिटी सेंटर और सेक्टर-15 मेट्रो स्टेशन से टिकट खरीदे जा सकेंगे। मेट्रो स्टेशनों के कस्टमर केयर सेंटरों से ये टिकट मिलेंगे। 14 नवंबर से शुरू होने वाला ट्रेड फेयर आम जनता के लिए 19 नवंबर से खोला जाएगा। वीकेंड और अवकाश के दिन वयस्कों के लिए टिकट दर 80 रुपये और बच्चों के लिए 50 रुपये होगी। वीकेंड और अवकाश के अलावा अन्य दिनों में टिकट की दर वयस्कों के लिए 50 रुपये और बच्चों के लिए 30 रुपये होगी।