नोएडा। चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी (सीसीएसयू) के 2012-13 के दाखिलों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सोमवार को समाप्त हो जाएंगे। इस प्रक्रिया में उन छात्रों ने भी रजिस्ट्रेशन कर दिए हैं जो किसी न किसी कॉलेज में अपनी सीट पक्की कर चुके हैं। इसे देखते हुए यूनिवर्सिटी ने सोमवार को ऐसे छात्रों के लिए निर्देश जारी करते हुए कहा कि दाखिला ले चुके छात्र दोबारा आवेदन नहीं कर सकते हैं न ही अब अपने फॉर्म में किसी प्रकार का संशोधन कर सकेंगे।
यूनिवर्सिटी ने पहले आवेदन कर चुके और नए छात्रों को एक मौका देने के लिए कुछ दिनों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल खोल दिया है। इसके आधार पर नए कॉलेजों और मौजूदा कॉलेजों में होने वाली सीट बढ़ोतरी पर दाखिला दिया जाएगा। इन छात्रों को आगामी कटऑफ में मेरिट के आधार पर शामिल किया जाएगा। दूसरी ओर, शनिवार को जारी की गई स्नातक की पांचवीं और स्नातकोत्तर की चौथी मेरिट के दाखिले मंगलवार से शुरू होंगे।
सोमवार को विश्वकर्मा पूजा की छुट्टी के कारण कॉलेज बंद रहे। इसके लिए फिलहाल छात्रों को 19 सितंबर शाम 5 बजे तक फीस जमा करने का समय दिया गया है। डिग्री कॉलेज की पांचवीं कटऑफ में भी बीए की सामान्य मेरिट 60 फीसदी और बीकॉम की 70 फीसदी से ऊपर रही है। उम्मीद है कि इस मेरिट के आधार बीकॉम की सीटें फुल हो जाएंगी।