संवाद न्यूज एजेंसी
रतनपुरी। रतनपुरी क्षेत्र में बह रही काली नदी के आसपास स्थित गांवों में बढ़ते प्रदूषण से निजात दिलाने के लिए युवा संगठन की बैठक का आयोजन किया। सर्वसम्मति से क्षेत्र के युवाओं की एक संघर्ष समिति बनाने का निर्णय लिया गया। यह समिति काली नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए गांव दर गांव संपर्क करेगी।
मंडावली खादर निवासी ठाकुर धीरज कुशवाहा ने कहा कि काली नदी के प्रदूषण के कारण दर्जनों गांवों के लोग कैंसर, त्वचा संबंधी और हेपेटाइटिस जैसी जानलेवा बीमारियों से पीड़ित हैं। कोई भी जनप्रतिनिधि इस प्रदूषित पानी से निजात दिलाने का बीड़ा उठाने को तैयार नहीं। रतनपुरी निवासी हरिओम सोम ने कहा कि इसके संबंध में ग्रामीण कई बार उच्च अधिकारियों के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी गुहार लगा चुके हैं। सर्वसम्मति से इस समस्या से निजात दिलाने के लिए युवाओं की एक संघर्ष समिति बनाने का निर्णय लिया गया। संघर्ष समिति में क्षेत्र के प्रत्येक गांव से युवाओं की प्रतिभागिता सुनिश्चित की जाएगी। काली नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए गांव दर गांव संपर्क किया जाएगा और ग्रामीणों के इस मुहिम से जुड़ने का भी आह्वान किया जाएगा। बैठक का संचालन पिंकू सोम ने किया। बैठक में रविकांत सोम, मोनू सोम, दुष्यंत भमौरी, सुनील भमौरी, जयवीर सिंह, अर्जुन सोम, मोहित सोम, लवकुश, राजन सोम, सोनू वशिष्ठ मंडावली, पंकज, हर्ष सोम, संजय, आदेश, अंकित त्यागी डबल, आकाश कितास, सोनू, जितेंद्र समौली आदि उपस्थित रहे।