मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव जंगल में पड़ा मिला। युवक की पहचान 24 वर्षीय अनुज प्रजापति के रूप में हुई, जो रविवार शाम कांवड़ देखने के लिए घर से निकला था।
रात 12 बजे के बाद भी जब अनुज घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सोमवार सुबह तलाश के दौरान नेशनल हाईवे स्थित गुरुकुल स्कूल के पीछे जंगल में उसकी चप्पल दिखाई दी। जब परिजन थोड़ा और आगे बढ़े तो अनुज का रक्तरंजित शव पड़ा मिला।
अनुज के चेहरे, गर्दन और पेट पर चाकू के गहरे वार थे, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। परिजन थाने में तहरीर देने की तैयारी कर रहे हैं।
घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है, जबकि कांवड़ यात्रा के दौरान इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।