भोपा (मुजफ्फरनगर)। कासमपुर चौराहे के निकट बाइक की साइड लगने से सड़क पर गिरे युवक को पीछे से आते वाहन ने कुचल दिया। साथी युवक घायल को सीएचसी भोपा ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। गमजदा साथी शव लेकर बिना किसी कार्रवाई के घर लौट गए।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बाननगर निवासी राहुल की शादी मोरना निवासी युवती से होनी तय हुई थी। राहुल की बरात सोमवार सुबह मोरना आई थी, जिसमें शामिल होने के लिए गांव का ही बंटी (21) दो अन्य साथियों आदेश व अजय के साथ बाइक पर मोरना आया था। शाम करीब छह बजे तीनों युवक बाइक पर ही मोरना से बाननगर लौट रहे थे। जैसे ही वे कासमपुर चौराहे के निकट पहुंचे, पीछे से एक बाइक सवार ने उनकी बाइक में साइड मार दी। इससे बाइक पर सबसे पीछे बैठा बंटी नीचे सड़क पर गिर गया, जिसे उसी समय वहां पहुंचे अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। साथी युवक लहूलुहान बंटी को लेकर भोपा सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद साथी युवक बंटी के शव को लेकर बिना किसी कार्रवाई के बाननगर लौट गए। आदेश ने बताया कि बंटी अपने परिवार में इकलौता बेटा था। हादसे के बाद घर में पिता, बहन व मां ही रह गईं हैं।