धर्मांतरण के सात साल बाद युवक घर लौटा
मुजफ्फरनगर, चरथावल। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद धर्मांतरण के सात साल बाद युवक अपने परिवार में लौट आया। परिजनों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। कस्बे के रोहाना मार्ग निवासी युवक अमित प्रजापति सात साल पहले परिजनों से नाराज होकर घर से चला गया था। उस दौरान दूसरे वर्ग के लोगों के संपर्क में आकर उसने इस्लाम धर्म अपना लिया था। धर्मांतरण के मुद्दे पर सरकार की सख्ती को देखते हुए उसके पिता धर्मवीर ने थाने में बेटे को वापसी लाने की गुहार लगाई। इसके बाद हिंदू संगठन भी सक्रिय हो गए। विहिप हिंदू जागरण मंच के जिला महामंत्री अंकुर राणा और अन्य पदाधिकारियों ने परिवार का साथ दिया। उसकी बरामदगी के लिए पुलिस को लिखित में प्रार्थना पत्र दिया गया। पुलिस प्रशासन ने मामले में सक्रियता बरतते हुए अमित उर्फ अब्दुल्ला से बातचीत के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया। परिवार में बेटे के घर आने पर मिठाई बांटी गई और खुशी का इजहार किया। हिंदू संगठनों से जुड़े वीरेंद्र त्यागी, अंजेश, अखिलेश पुरी, अर्चित आर्य, दर्पण कंसल और उमेश राणा आदि मौजूद रहे। संवाद