पुलिस ने उसके साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की
पुलिस, मृतक के साथी और परिजनों के बयानों में विरोधाभास
संवाद न्यूज एजेंसी
छपार (मुजफ्फरनगर)। बरला-देवबंद मार्ग पर एक खेत में सहारनपुर के युवक का शव पड़ा मिला। पास में ही उसकी बाइक खड़ी थी। पुलिस ने उसके साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस, मृतक के साथी और परिजनों के बयानों में विरोधाभास से मौत की गुत्थी उलझ गई।
शुक्रवार सुबह छह बजे बरला-देवबंद मार्ग पर बिजलीघर के पास सड़क किनारे एक बाइक खड़ी मिली और युवक का शव पड़ा हुआ था। जेब से आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान सहारनपुर के देवबंद के गांव फुलास निवासी सुहेल (18) के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुहेल पड़ोसी युवक अरबाज के साथ बृहस्पतिवार शाम से ही लापता था। दोनों युव पड़ोसी मुजफ्फर की बाइक मांगकर ले गए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसके साथी अरबाज को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
सबके बयानों में विरोधाभास
सुहेल के साथी अरबाज ने पूछताछ में बताया कि बृहस्पतिवार की शाम को उन्होंने ठेके पर शराब पी। नशे की हालत में सुहेल बाइक लेकर भाग गया था। बरला पुलिस चौकी प्रभारी सेंसरपाल सिंह का कहना ही नशे में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में उतरकर वहां बने देवस्थल से टकरा गई। इस हादसे में सुहेल की मौत हो गई। परिजनों और बाइक के मालिक मुजफ्फर का कहना है कि सुहेल बाइक चलानी नहीं जानता था। तहरे भाई जाहिद ने मामले को संदिग्ध बताया। पुलिस का कहना है कि मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगा