सहारनपुर जनपद के देवबंद में वेल्डिंग की दुकान पर काम करने वाले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के चाचा ने दुकान मालिक समेत चार लोगों पर भतीजे की करंट लगाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
देवबंद क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर उर्फ सांपला दीवड़ा निवासी भोपाल मंगलवार को ग्रामीणों के साथ तहरीर लेकर कोतवाली पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि उसका भतीजा संदीप (25) देवबंद के शिक्षक नगर कॉलोनी के गेट के समीप एक दुकान पर वेल्डिंग का काम करता था। विगत 16 जुलाई को संदीप अपनी तनख्वाह के रुपये मांगने के लिए दुकान पर गया था।
यह भी पढ़ें: टिकैत के गांव में मातम: घर से हंसते हुए गया था सेना का जवान, मौत से मचा कोहराम, सदमे में पत्नी बेहोश, तस्वीरें
आरोप है कि वहां दुकान मालिक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर संदीप की करंट लगाकर हत्या कर दी। आरोप है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट लगने से ही मौत होने की पुष्टि हुई है। कोतवाल प्रभाकर केंतुरा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। दोष सिद्ध होने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भी देखा जा रहा है। परिजनों के मुताबिक संदीप अविवाहित था। जिसकी जल्द ही शादी होने वाली थी।