हादसे में युवक की मौत, तीन लोग घायल
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। फरीदाबाद से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे युवकों की कार पुरकाजी-लक्सर मार्ग पर धमात पुल के निकट गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया।
हरियाणा प्रांत के जनपद फरीदाबाद निवासी सुदर्शन (21) अपने चार अन्य दोस्तों के साथ बुधवार रात कार से गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहा था। देर रात करीब दो बजे जब वे पुरकाजी-लक्सर मार्ग पर धमात पुल के निकट पहुंचे, अचानक सामने से आती गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में निकली एक लोहे की एंगल कार की पिछली सीट पर बैठे सुदर्शन के सीने में धंस गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार सवार कुणाल, अंकुश व तुषार भी घायल हो गए, जबकि कार चला रहा अमित हादसे में बच गया। हादसे की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भेजने के साथ ही शव को भी कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। उधर, हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। मृतक के पिता की तहरीर पर हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
परिवार का इकलौता बेटा था सुदर्शन
पुरकाजी। धमात पुल के निकट बुधवार देर रात हुए हादसे में मरा सुदर्शन अपने परिवार का इकलौता बेटा था। पीड़ित पिता फूलसिंह शर्मा ने बताया कि सुदर्शन बीबीए तृतीय वर्ष का छात्र था। परिवार में पत्नी के साथ ही बड़ी बेटी सीमानी व छोटी बेटी हिमानी है। इनमें सीमानी की शादी हो चुकी है।
वाहन की चपेट में आकर युवक की मौत
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामपुरी निवासी सोनू कश्यप देर रात हाईवे पर रामपुर तिराहे से बाइक पर घर लौट रहा था। जैसे ही वह रुड़की चुंगी के निकट पहुंचा, अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सोनू कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सूचना पर पहुंची पुलिस ने ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है।