मामूली विवाद में युवक पर हमला
मुजफ्फरनगर, खतौली। गांव मोहद्दीनपुर निवासी युवक पर उसके भाई के दोस्तों ने ही खेलने के दौरान हुए विवाद के बाद हमला कर घायल कर दिया। युवक को सीएचसी से मेरठ रेफर किया गया है। पीड़ित के पिता ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहद्दीनपुर निवासी शाहिद ने तहरीर देकर बताया कि उसका बेटा शौकीन रविवार को घर से दुकान के लिए निकला था। आरोप है कि घर से निकलते ही कुछ लोगों ने उस पर लाठी-डंडे व धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर मचाने पर परिजनों ने मौके पर पहुंचकर लहूलुहान शौकीन को हमलावरों से बचाया, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। घायल को सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया। पीड़ित के अनुसार शौकीन के छोटे भाई सलमान का रविवार सुबह अपने दोस्त मोहम्मद के साथ खेलने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते हमलावरों ने सलमान के बजाय उसके बड़े भाई शौकीन पर हमला किया है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।