मुजफ्फरनगर। प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा कड़ी प्रतियोगिता के कारण मानसिक अवसाद में आ रहे हैं। अत्यधिक दबाव, चिंता और असफलता के डर के कारण छात्रों के मन में निराशा घर कर रही है। एकाग्रता में कमी, थकान और रुचि का अभाव भी पैदा हो रहा है, जिसके चलते उन्हें मानसिक अवसाद जकड़ रहा है। अवसाद से ग्रस्त सैकड़ों युवा प्रतिदिन उपचार के लिए जिला अस्पताल मानसिक रोग विभाग में पहुंच रहे हैं।
इंजीनियरिंग और मेडिकल जैसे व्यवसायिक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन होता है, जिनकी मेरिट में स्थान पाने के लिए कड़ी मेहनत की आवश्यकता होती है। ऐसी प्रतियोगी परीक्षा में अपने आपको साबित करना किसी भी युवा के लिए कठिन होता है। अक्सर परीक्षा में नाकामी मानसिक परेशानी खड़ी करती है। जिला अस्पताल ओपीडी में इस तरह के प्रतिदिन 100 से अधिक मामले आ रहे हैं।