युवक अर्जुन का शव मिलने के बाद माधोपुर गांव के बाहर खड़े पुलिस अधिकारी व ग्रामीण
- फोटो : DEVBAND
देवबंद/नानौता (सहारनपुर)। घर से लापता नानौता के युवक अर्जुन पुत्र जोगेंद्र (20) का शव स्टेट हाईवे-59 पर स्थित साखन नहर से बरामद हुआ। पुलिस का दावा है कि अर्जुन की हत्या पैसों के लेन देन में की गई। जिसमें एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
नानौता थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी जोगेंद्र का इकलौता बेटा अर्जुन मजदूरी का कार्य करता है। कुछ दिनों पूर्व अर्जुन नगर के मोहल्ला सराय मालियान निवासी मोहित समेत अन्य युवकों के साथ बाहर मजदूरी करने के गया था। बताया गया है कि तभी से पैसों के लेनदेन को लेकर उनके बीच रंजिश शुरू हो गई थी। रविवार से अर्जुन लापता था। परिजनों ने तलाश की तो जानकारी मिली कि अर्जुन को मोहित और उसके दोस्तों के साथ जाते हुए देखा था। जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। इस संबंध में पुलिस को बताया गया। सूचना मिलते ही पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। इस दौरान अर्जुन का शव स्टेट हाईवे स्थित साखन नहर के पास प?ा मिला। उसकी गला रेत कर हत्या की गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस ने मृतक के पिता जोगेंद्र की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मोहित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद जब शव माधोपुर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप था कि अर्जुन की हत्या में तीन युवक और शामिल हैं। रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें भी जेल भेजा जाए। जिसके चलते उन्होंने शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। बाद में सीओ देवबंद रामकरण सिंह सीओ गंगोह चंद्रपाल शर्मा आदि मौके पर पहुंचे और लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। उसके बाद अर्जुन का अंतिम संस्कार किया गया। इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी मोहित को जेल भेज दिया गया। मामले की जांच की जा रही है।
अर्जुन (फाइल फोटो)- फोटो : DEVBAND