- अलमासपुर, मंसूरपुर और मोरना में मनाया गया छठ उत्सव
- सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा व्रत का समापन
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। छठ पूजा के तीसरे दिन श्रद्धालुओं ने छठ मइया की पूजा की। शाम के समय डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। अलमासपुर, मंसूरपुर और मोरना में उपासना की गई।
रविवार को पर्व के तीसरे दिन श्रद्धा और हर्षोल्लास का माहौल रहा। शहर के अलमासपुर स्थित नई बस्ती में महिलाओं ने संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य, उज्जवल भविष्य और सुखमय जीवन की कामना की गई। रालोद के पुरकाजी विधायक अनिल कुमार और सपा महामंत्री शलभ गुप्ता कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि रहे। यहां पर सुंदर तरीके से पूजा स्थल को सजाया गया था। विधि विधान से पूजा अर्चना की गई। महिलाओं ने छठ मैया की पूजा के साथ शाम के समय डूबते सूर्य को अर्घ्य किया। इस मौके पर छोटूलाल गुप्ता, वीरेंद्र यादव, शिव कुमार यादव, प्रदीप गुप्ता का सहयोग रहा। व्रत रखने वाली महिलाओं में प्रभावती देवी, अनारी देवी, काजल गुप्ता, रेखा देवी, प्रियंका यादव, शिल्पी यादव और संगीता देवी मौजूद रहीं।
शुकतीर्थ में की गई छठ पूजा
मोरना। शुकतीर्थ में छठ पूजा पर दूरदराज क्षेत्रों से आए पूर्वांचल के श्रद्धालुओं ने छठ पूजा की। महिलाओं ने गंगा में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया।
छठ पूजा का पर्व धार्मिक आस्था व श्रद्धा के साथ मनाया गया। पूर्वांचल से आकर मुजफ्फरनगर में निवास कर रहे परिवारों ने गंगा घाट पर पहुंचकर गन्ने की फसल को खड़ा किया व सभी प्रकार के फल, मिष्ठान, नारियल, वस्त्र आदि सहित छठ मैया की पूजा कर परिवार में सुख समृद्धि की कामना की तथा महिलाओं ने शृंगार कर गंगा मैया में खडे़ होकर विशेष पूजा की। छठ पर्व पर सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए क्षेत्राधिकारी भोपा राम आशीष यादव, थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील सैनी, शुकताल चौकी प्रभारी ललित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे।