मुजफ्फरनगर। निर्माणाधीन टंकी से उतरते समय मजदूर का पैर फिसल गया। गिर कर घायल होने के कई घंटे बाद उसकी मौत हो गई। परिजन शव को साथ लेकर चले गए है।
तितावी के गांव गूजरहेड़ी में पानी की टंकी का निर्माण कार्य चल रहा है। वहां पर जनपद बरेली के गांव कमुआ, भमौरा निवासी मजदूर प्रेमपाल (45) आधा दर्जन मजदूरों के साथ कार्य करता था। इनमें उसका रिश्ते का भतीजा ओमवीर भी काम करता है। प्रेमपाल शुक्रवार देर शाम ओवरहेड से नीचे उतर रहा था तभी उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया था। मजदूर उसे उठा कर अपने साथ निवास स्थान पर ले गए थे। देर रात उसे परेशानी हुई तो साथी मजदूर उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव मोर्चरी भेज कर मजदूर के परिजनों को सूचना कराई। पोस्टमार्टम के बाद ओमवीर अपने चाचा का शव घर ले गया। थाना पुलिस ने बताया कि परिजनों ने घटना को हादसा बताया है। वह शव साथ ले गए हैं।