मुजफ्फरनगर के मीरापुर क्षेत्र में बीआईटी चौकी पर रोके गए कंटेनर में बैठे श्रमिक।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद श्रमिकों को उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था लागू नहीं हो पाई। प्रवासियों के पैदल आने का सिलसिला लगातार जारी है। अहमदाबाद से दिल्ली तक ट्रेन से आए युवकों को पैदल आते हुए जिले की सीमा पर रोक लिया गया।
शनिवार रात करीब 12 बजे शाकिब, खालिद, सफेज, आसिफ, आमिर, समीर, कल्लू को पुलिस ने मेरठ-मुजफ्फरनगर बॉर्डर पर पकड़ लिया और रोडवेज पर ले आए। बताया कि अहमदाबाद से ट्रेन से आ गए थे, लेकिन दिल्ली से कोई सवारी नहीं मिली। उन्हें सहारनपुर जाना था, लेकिन पुलिस ने यहीं पकड़ लिया। दोपहर बाद इन्हें क्वारंटीन केंद्र भेज दिया गया। इसके अलावा आजमगढ़ से भी कई श्रमिक बसों से यहां पहुंचे। उन्हें भी क्वारंटीन केंद्र भेजा गया है। श्रमिकों ने बताया कि वे कई दिनों से इधर से उधर धक्के खाते घूम रहे हैं, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही। कई दिनों की परेशानी के बावजूद वह अब भी घर नहीं जा पाए।