खतौली में सीएम की जनसभा स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। खतौली उप चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने ताकत झोंक दी है। बुधवार को एक तरफ भाजपा के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ की जनसभा होगी और दूसरी तरफ गठबंधन के लिए रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह 13 गांव में नुक्कड़ सभाएं करेंगे। इस दौरान खूब सियासी शब्द बाण चलेंगे।
मुजफ्फरनगर दंगे के मुकदमे में खतौली से दूसरी बार विधायक चुने गए विक्रम सैनी को सजा हुई, जिसमें उनकी सदस्यता चली गई। इसके बाद दोबारा चुनाव का मैदान सज गया है। बुधवार को भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खतौली में जनसभा करने के लिए आ रहे हैं। चुनाव की आचार संहिता के चलते किसी घोषणा की उम्मीद नहीं है, लेकिन फिर भी गन्ना किसानों की निगाह सीएम के भाषण पर रहेगी। दूसरी बार मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद योगी आदित्यनाथ पहली बार जिले में पहुंच रहे हैं। गन्ना बेल्ट में भाव बढ़ाए जाने का मुद्दा बार-बार उठता रहता है।
रालोद अध्यक्ष राज्यसभा सांसद जयंत सिंह भी बुधवार को खतौली से गठबंधन के प्रत्याशी मदन भैया के समर्थन में बुवाड़ा खुर्द, बुवाड़ा कलां, ताजपुर, सराय, नैना, दूदाहेड़ी, सोंटा, जोहरा समेत 13 गांव में जनसभा करेंगे। गन्ना किसानों के अलावा रालोद अध्यक्ष मजदूरों और युवाओं को रोजगार का मुद्दा उठा रहे हैं।
भाजपा का दामन थाम सकते हैँ कई नेता
सियासी गलियों में यह भी चर्चा चल रही है कि कुछ नेता खतौली के मंच पर भाजपा का दामन भी थाम सकते हैं। खतौली में उप चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने के बाद से कई रालोद नेताओं सहित दूसरे दलों के नेता भाजपा में शामिल हो चुके हैं।