जिले में महिलाएं भी चलाएंगी नलकूप
मुजफ्फरनगर। प्रदेश के राजस्व राज्यमंत्री विजय कश्यप ने सिंचाई विभाग में नवनियुक्त नलकूप ऑपरेटरों को नियुक्ति-पत्र सौंपे। खास बात यह रही कि नौकरी पाने वालों में चार महिलाएं भी शामिल हैं। पहली बार जिले में महिलाओं को नलकूप के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला पंचायत के चौधरी चरणसिंह सभागार में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में प्रदेश के राजस्व एवं बाढ़ नियंत्रण राज्यमंत्री विजय कश्यप ने जनपद के 36 नौकरी पाने वालों को नलकूप ऑपरेटर के रूप में नियुक्ति पत्र प्रदान किए। बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंचाई विभाग में नवनियुक्त 3209 ट्यूबवेल आपरेटर को नियुक्ति पत्र वितरित किए। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम को वर्चुअल प्रोग्राम के रूप में सभी जिलों से जोड़ा गया था। इसके लिए कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लाइव किया गया। यहां पर मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री विजय कश्यप उपस्थित रहे। पहले उन्होंने एनआईसी वीडियो कांफ्रेंसिंग रूम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा नलकूप ऑपरेटरों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में वर्चुअल प्रतिभाग किया। इसके उपरांत जिला प्रशासन की ओर से जिला पंचायत के चौधरी चरण सिंह सभाकक्ष में आयोजित वितरण समारोह में भाग लिया। राज्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हितों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाद संवेदनशील हैं, जितनी नौकरियां और रोजगार के अवसर हमारी सरकार ने युवाओं को साढ़े तीन साल के भीतर उपलब्ध कराए हैं, उतने किसी सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में नहीं दिए हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए हमारी सरकार समर्पित हैं। हाल में सरकार द्वारा दी गई नौकरियों के अवसरों के आंकड़े इस बात का प्रमाण भी हैं। सीएम के द्वारा उत्तर प्रदेश में सिंचाई विभाग के अधीन 3209 ट्यूबवेल आपरेटर को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश में पहली बार 516 महिलाओं को ट्यूबवेल आपरेटर की सरकारी नौकरी मिली है। जनपद में 36 में से चार महिला ऑपरेटर भी शामिल हैं। यह पहला अवसर होगा, जबकि जनपद में सिंचाई विभाग के नलकूपों को महिलाएं चलाने का काम करेंगी। डीएम सेल्वा कुमारी जे ने सभी लोगों को नौकरी के अवसर मिलने पर बधाई देते हुए ड्यूटी के प्रति निष्ठा, ईमानदारी और निष्पक्षता का संदेश दिया। सीडीओ आलोक यादव और सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।