मीरापुर। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नवविवाहिता के अश्लील फोटो और वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक ही वर्ग के युवक-युवती कुछ माह पूर्व प्रेम प्रसंग के चलते घर से फरार हो गए थे। कुछ दिन बाद पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया था, जिसके बाद दोनों पक्षों ने सहमति से दोनों का निकाह कर दिया था। उसके बाद से नवदंपती गांव से बाहर रहने लगा था। करीब दो माह पूर्व आपसी मतभेद के चलते विवाहिता घर लौट आई थी, जिसके बाद से दोनों के बीच किसी तरह की बात नहीं हो रही थी। दो दिन पूर्व सोशल मीडिया पर उक्त विवाहिता के अश्लील फोटो व वीडियो क्लिप वायरल हो गई। पीड़ित युवती के परिजनों ने आरोपी शौहर व ससुराल पक्ष के खिलाफ नामजद तहरीर देकर विवाहिता का शारीरिक व मानसिक शोषण करने और उसका उत्पीड़न करने के आरोप में तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। आरोपी युवक के घर पर दबिश दी गई, लेकिन सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।