शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म
मुजफ्फरनगर, भोपा। बिहार निवासी युवती ने भोपा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर पांच साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि आरोपी ने बहला-फुसलाकर उससे पांच लाख रुपये भी हड़प लिए हैं। युवती ने आरोपी के विरुद्ध थाने पर तहरीर दी है।
बिहार के जनपद समस्तीपुर निवासी एक युवती बृहस्पतिवार को एक समाज सेविका के साथ भोपा थाने पहुंची। युवती ने बताया कि लगभग पांच वर्ष पूर्व उसके पिता होटल चलाते थे। भोपा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक वहां कपड़े की फेरी करता था और खाना खाने के लिए उनके होटल पर आता रहता था। इसी बीच उसकी उससे मुलाकात हो गई और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। युवक उसे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा। आरोपी ने उससे पांच लाख रुपये भी हड़प लिए। युवक लॉकडाउन के समय अपने गांव आ गया था। अब उसने शादी करने से इंकार कर दिया है और दूसरी शादी करने के फिराक में है। युवती ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।