हादसे में महिला की मौत, पति-जेठानी घायल
सिखेड़ा। जौली रोड पर तेज रफ्तार ट्रक की साइड लगने से बाइक सवार महिला की ट्रक के पहिये से कुचलने से मौत हो गई। हादसे में महिला का पति व जेठानी भी घायल हो गए। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगा दिया, जिन्हें अफसरों ने मुआवजे का आश्वासन देकर शांत कर जाम खुलवाया।
थाना क्षेत्र के गांव सिकरेड़ा निवासी सलीम बुधवार शाम पत्नी रेशमा (36) और भाभी गुलशन के साथ बाइक पर मुजफ्फरनगर दवा लेने जा रहा था। जैसे ही बाइक सवार परिवार धंधेड़ा बिजलीघर के निकट पहुंचा, अचानक पीछे से आते तेज रफ्तार खाली ट्रक ने बाइक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रक की साइड बाइक में लग गई, जिससे बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए। इनमें से रेशमा सड़क की ओर गिरी और ट्रक के पिछले पहिये के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गुलशन व सलीम सड़क के दूसरी तरफ गिरने से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में सिकरेड़ा व धंधेड़ा के ग्रामीण मौके पर जा पहुंचे और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ मंडी धनंजय मिश्रा, एसओ रामबीर सिंह और एसडीएम सदर दीपक कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया गया। ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है, जबकि चालक की तलाश की जा रही है।