कसेरवा गांव में दहेज के लिए महिला की हत्या
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष ने पांच दिन पूर्व गर्भवती महिला की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि पिटाई से महिला का गर्भपात होने के बाद उसे उपचार दिलाने के बजाय पांच दिन तक बंधक बनाकर रखा गया। दो दिन पूर्व पुलिस की सहायता से परिजनों ने विवाहिता को मुक्त कराकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मंगलवार की सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव कसेरवा निवासी तराबुद्दीन ने तहरीर देकर बताया कि उसने बेटी मुर्शीदा (24) का निकाह करीब सात साल पूर्व गांव तावली निवासी युवक से किया था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज में कार व पांच लाख की मांग कर रहा था। इस दौरान विवाहिता को बेटा होने पर डेढ़ लाख रुपये भी दिए गए, लेकिन दहेज की मांग जारी रही। पीड़ित पिता के अनुसार मुर्शीदा फिलहाल चार माह की गर्भवती थी, जिसके साथ दस सितंबर को ससुराल पक्ष ने जमकर मारपीट की। आरोप है कि लगातार पिटाई से मुर्शीदा का गर्भपात हो गया, लेकिन उसे उपचार दिलाने के बजाय ससुराल पक्ष ने एक कमरे में बंधक बना लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई। परिजनों को जानकारी मिलने पर 13 सितंबर को वे तावली पहुंचे, लेकिन ससुराल पक्ष ने उन्हें मुर्शीदा से मिलने नहीं दिया। पीड़ित परिजनों की गुहार पर पुलिस ने विवाहिता को अचेतावस्था में बंधन मुक्त कराया, जिसके बाद परिजन उसे शहर के एक नर्सिंग होम में ले गए, लेकिन वहां से उसे नाजुक हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। मंगलवार सुबह विवाहिता की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई। पीड़ित परिजनों की गुहार पर पुलिस ने विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में एसओ शाहपुर धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।