छज्जा टूटने से नीचे गिरी महिला की मौत
तितावी। गांव लखान में छज्जे पर काम कर रही महिला अचानक छज्जा टूटने से नीचे जा गिरी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के गांव लखान निवासी शर्मा देवी (48) वर्ष रविवार शाम करीब चार बजे घर की पहली मंजिल पर बने छज्जे पर कुछ काम कर रही थी। इसी दौरान अचानक जर्जर हाल छज्जा टूट गया, जिससे शर्मा देवी मलबे के साथ पहली मंजिल से नीचे सड़क पर आ गिरी। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां रीढ़ की हड्डी टूटने के कारण उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन महिला को जिला अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है।