महिला की संदिग्ध हालात में मौत
खतौली। मोहल्ला इस्लामनगर में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका की मां ने दामाद सहित ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पति और सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शाहपुर क्षेत्र के गांव आदमपुर निवासी 20 वर्षीया सन्नो का निकाह पांच माह पहले खतौली के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी सावेज के साथ हुआ था। रविवार सायंकाल सन्नो की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। देर रात मृतका के परिजन थाने पहुंचे। मृतका की मां सईदा ने तहरीर देकर दहेज में दो लाख रुपये न मिलने पर ससुराल वालों पर उसकी बेटी की गला दबा कर हत्या करने का आरोप लगाया। इस पर पुलिस ने पति सावेज, ससुर मुस्तकीम, सास नसरीन, ननद अलीना के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी पति सावेज और सास नसरीन को गिरफ्तार कर उनका चालान कर जेल भेज दिया।