हादसे में महिला की मौत, पति घायल
मुजफ्फरनगर। भोपा रोड स्थित हाईवे बाईपास के निकट ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक लेकर फरार हो गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए रोड पर जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव बाकरनगर निवासी प्रदीप शनिवार सुबह पत्नी कविता (28) को दवा दिलाने बाइक से मुजफ्फरनगर आया था। दवा लेने के बाद शाम के समय दंपती बाइक से घर लौट रहा था। भोपा रोड हाईवे बाईपास पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक में टक्कर लगने से सड़क पर गिरी कविता को ट्रक ने चपेट मेें लेकर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, प्रदीप सड़क पर गिरने से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया, जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए भोपा रोड पर जाम लगाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही नई मंडी इंस्पेक्टर योगेश शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। इसके बाद महिला के शव को मोर्चरी भेज दिया गया। उधर, शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव पीनना के पास हुए हादसे में शामली जनपद के झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव श्यामली-श्यामला निवासी सगे भाई पदम सिंह व जयकरण गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, रोहाना टोल प्लाजा के पास शनिवार सुबह हुए हादसे में जनपद उन्नाव के गांव अंता निवासी आशु पांडेय, गुनारसा गांव निवासी सुनील व विजय भी घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।