संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। कस्बे के डीएवी रोड पर एक क्लीनिक में प्रसव के दौरान महिला व नवजात की मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों ने हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला चिकित्सक को हिरासत में ले लिया। वहीं क्लीनिक को सील कर दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगवा का रहने वाला अंकुर अपनी गर्भवती पत्नी कुमकुम (28) को प्रसव के लिए सुबह करीब साढ़े 6 बजे बुढ़ाना लेकर आया था। वह अपनी पत्नी को कस्बे के डीएवी रोड पर अपनी परिचित महिला चिकित्सक के पास ले गया। महिला चिकित्सक उसे डिलीवरी कक्ष में ले गई। प्रसव के दौरान महिला व नवजात की मौत हो गई।
इससे नाराज परिजनों ने क्लीनिक के बाहर जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह से हंगामा कर रहे लोगों को शांत किया। लोगों का कहना था कि चिकित्सक की लापरवाही से जान गई है।
पुलिस ने महिला चिकित्सक को हिरासत में ले लिया। वहीं पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने महिला व नवजात के शव को मोर्चरी भेज दिया। काफी देर चले हंगामे के बाद लोग किसी तरह से शांत हुए।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। घटना के संबंध में काेई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्जुन ने बताया कि क्लीनिक को सील कर दिया गया है।