किसान के खाते से रुपये निकाले
मुजफ्फरनगर, खतौली। एटीएम कक्ष में ठगों ने एक किसान का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से हजारों रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर अज्ञात ठगों के खिलाफ तहरीर दी है।
सिखेड़ा क्षेत्र के गांव भटोड़ा निवासी आशु खतौली में एक विवाह समारोह में आया था। शाम को जीटी रोड स्थित घंटाघर के सामने एक बैंक के एटीएम से रुपये निकालने के लिए गया। पीड़ित ने एटीएम में अपना कार्ड लगाकर रुपये निकालने का प्रयास किया। मशीन में कार्ड लगाने पर एटीएम से रुपये नहीं निकल पाए। एटीएम में पहले से ही मौजूद दो युवकों ने किसान को एटीएम कार्ड खराब होने की बात कही और कार्ड को ठीक करने के बहाने से एटीएम कार्ड बदल दिया। ठग ने पीड़ित को उसी बैंक का दूसरा एटीएम कार्ड दे दिया। कुछ समय बाद एटीएम से रुपये न निकलने पर किसान वापस अपने गांव भटोड़ा पहुंच गया। कुछ ही देर में उसके मोबाइल पर उसके खाते से 45 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। पीड़ित किसान ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।