सर्दी व शीत लहर में गंतव्य को जाते स्कूटी सवार । संवाद
- जिले का अधिकतम तापमान लुढ़ककर 10.8 डिग्री पर पहुंचा
- कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों में तीन दिन का अवकाश घोषित
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिले में दिनभर चली तेज सर्द हवा ने लोगों को कंपकंपा दिया। अधिकतम तापमान लुढ़ककर 10.8 डिग्री पर आ गया। जबकि न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जिला प्रशासन ने कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों में तीन दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
मंगलवार को सुबह के समय आकाश में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण सुबह दस बजे तक सड़कों पर आवागमन बहुत कम रहा। दिन में आकाश में बादल छाए रहे और तेज सर्द हवा चलती रही। जिसके कारण लोग दिन में भी कंपकंपाते देखे गए। स्थिति यह रही कि शाम ढलते ही लोग अपने घरों में पहुंच गए। बाजार शाम को जल्दी बंद हो गए। दिन का तापमान लुढ़ककर अधिकतम 10.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता 100 प्रतिशत रही।
बाजारों में लोग अत्यधिक सर्दी से बचाने वाले कपड़ों की खरीद में जुटे रहे। जिले में अधिक सर्दी को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा आठ तक के स्कूली बच्चों का 12 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला ने बताया कि दस से लेकर 12 जनवरी तक तीन दिन कक्षा आठ तक के स्कूल सर्दी के कारण बंद रहेंगे। उधर, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों का बुधवार और बृहस्पतिवार को अवकाश घोषित किया गया है।