मुजफ्फरनगर/ छपार। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने कहा है कि जब तक रामपुर तिराहाकांड के आरोपियों को सजा नहीं मिलती, तब तक उत्तराखंड के लोग चैन से नहीं बैठेंगे। प्रदेश अध्यक्ष करण महारा ने मोबाइल से संबोधित किया। स्थानीय 40 लोगों को सम्मानित किया गया। आंदोलनकारियों को राज्य निर्माण सेनानी का दर्जा देकर 20 हजार रुपये प्रति माह पेंशन दिए जाने की मांग उठाई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रामपुर तिराहे पर स्थित उत्तराखंडी शहीद स्मारक पर उत्तराखंड के नवनिर्माण की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर रजत जयंती समारोह मनाया। इस दौरान धीरेंद्र प्रताप मुख्य अतिथि रहे। उत्तराखंड से आए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य ब्रह्म स्वरूप ब्रह्मचारी ने कहा कि हम 31 साल पहले हुए इस कांड को भुल नहीं सकते। उनके निर्दोष लोग शहीद हुए थे, भाजपा सरकार में रामपुर तिराहा कांड के आरोपी खुले घूम रहे हैं।
कार्यक्रम में बताया गया कि उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण महारा और विपक्ष के नेता यशपाल आर्य को दिल्ली में आवश्यक कार्य से रुकना पड़ा। इस दौरान ब्रह्म स्वरूप ब्रह्मचारी व प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप और वीरेंद्र पोखरियाल ने आंदोलन के समय मदद करने वाले स्थानीय गांव रामपुर, मेदपुर के 40 से अधिक लोगों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विधायक विजय जाती, ममता राकेश, फुरकान अहमद व रवि बहादुर,पूर्व मंत्री संजय शर्मा, पूरन सिंह रावत, मुजफ्फरनगर जिला अध्यक्ष सतपाल कटारिया, गीता काकरान सहित काफी लोग मौजूद रहेे। सभी ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।