नमक, रोटी खाएंगे, दूसरे प्रदेश नहीं जाएंगे
पुरकाजी। अपने गांव में रहकर मेहनत-मजदूरी कर नमक-रोटी खा लेंगे, लेकिन अब दूसरे प्रदेश में काम करने के लिए नहीं जाएंगे। पंजाब से साइकिलों से कस्बे में पहुंचे बिहार निवासी प्रवासी मजदूरों की व्यथा सुनकर हर कोई परेशान हो जाता है।
बिहार के जनपद रोहताश के गांव लांजी व जनपद कैमूर के गांव मदनपुरा निवासी सतेंद्र, पप्पू, राजकुमार, पलेंद्र, टुनटुन, नरेंद्र, विपिन, प्रीति व बसंती आदि करीब दो दर्जन लोग पंजाब के लुधियाना में सरिया फैक्टरी में काम करते थे। लॉकडाउन के बाद फैक्टरी बंद हो जाने पर वे लोग साइकिलों से अपने घरों पर जा रहे थे। रविवार को सवेरे ये प्रदेश की सीमा में पुरकाजी थाना क्षेत्र के धमात गंग नहर पर पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया और गांव भूराहेड़ी के सरकारी स्कूल में ठहरा दिया। मजदूरों ने बताया कि काफी समय से वे फैक्टरी बंद होने के बाद कुछ दिन तक लॉकडाउन खुलने का इंतजार किया, लेकिन अब कोई वाहन नहीं मिलने पर एक सप्ताह पूर्व साइकिलों से ही अपने घरों के लिए चल पड़े थे। बड़ी मुश्किल से दिन-रात साइकिल चलाकर यहां तक पहुंचे और यहां पर पुलिस ने हमें रोक लिया है। मजदूरों का कहना है कि अब तो गांव में रहकर ही मेहनत-मजदूरी कर नमक-रोटी खा लेंगे, लेकिन अब दूसरे प्रदेश नहीं जाएंगे। अब तो बस जल्दी से जल्दी अपने परिजनों व बीवी बच्चों में पहुंच जाने की इच्छा है।
××××××××
एक माह बाद लौटी बाजार में रौनक
पुरकाजी। पुरकाजी के हॉटस्पॉट से बाहर होने के बाद रविवार को आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुलने पर बाजार में रौनक दिखाई दी। ग्राहकों ने खेती संबंधी खाद, बीज व दवाइयां और किराने व अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी की। इस दौरान बिना सरकारी निर्देशों के खुली रेडीमेड गारमेंट्स, किताबों और कपड़े आदि की दुकानों को पुलिस ने बंद करा दिया। प्रभारी निरीक्षक सुभाष गौतम ने बताया कि जिन दुकानों के आदेश हुए हैं उन्हीं दुकानों को खोलने दिया जाएगा। अन्य खुली दुकानों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कुत्तों से जान बचाकर तालाब में कूदा हिरण
पुरकाजी। ग्राम पंचायत भूराहेड़ी में रविवार को एक हिरण कुत्तों से जान बचाकर गांव के तालाब में कूद गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने हिरण को शिकारी कुत्तों से बचाया। बाद में हिरण जंगल में भाग गया। ग्राम प्रधान नवीन राठी ने बताया कि गांव में हिरणों का एक बड़ा झुंड जंगल में घूम रहा है। इस समय गन्ने की फसल बुवाई चल रही है और खेतों में अन्य छोटी फसल होने के कारण ये दिखाई दे रहे हैं। शुक्रवार को भी एक हिरण जंगली कुत्तों से बचने के लिए गांव में घुस आया था। जिसे बचाकर वन विभाग की टीम को सौंप दिया गया था।
2 पुरकाजी के बाजार खुलने के बाद खरीदारी करते ग्राहक- फोटो : MUZAFFARNAGAR