सड़क पर हुए जलभराव को लेकर नाराजगी जताते तलहेड़ी के ग्रामीण
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। तलहेड़ी बुजुर्ग के मुख्य मार्ग पर जलभराव होने से ग्रामीणों में भारी रोष है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर चुनाव से पूर्व सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो वह चुनाव का बहिष्कार करेंगे। आरोप है कि विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों से शिकायत के बाद भी समस्या का समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
तलहेड़ी बुजुर्ग में जाने वाला मुख्य मार्ग पिछले लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ा है। अनदेखी के चलते अब सड़क ने तालाब का रूप ले लिया है। इसमें पानी भरा होने से लोगों के साथ ही स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिसके चलते ग्रामीणों में भारी रोष बना हुआ है। ग्रामीण महेंद्र सिंह, मोनू कुमार, विनय कुमार, मास्टर कालूराम आदि का कहना है कि गांव में जाने वाली मुख्य सड़क का करीब 150 मीटर का हिस्सा इतना खराब हो चुका है कि इसमें अब जलभराव हो गया है। जिसके चलते यहां आए दिन लोग हादसों के शिकार होकर चोटिल हो रहे हैं। आरोप है कि ग्राम प्रधान के कहने पर वह विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उसके बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया। उन्होंने चेतावनी दी यदि आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व सड़क को ठीक नहीं कराया गया तो वह चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
तलहेड़ी बुजुर्ग गांव के मुख्य मार्ग पर हुआ जलभराव- फोटो : DEVBAND